झांसी बबीना के बीच तीसरी रेल लाइन पर दौड़ने लगीं मालगाड़ियां
झांसी। झांसी से बबीना के बीच तीसरी रेल लाइन पर बृहस्पतिवार से गाड़ियों का संचालन शुरू हो गया। सबसे पहले बल्लभगढ़ स्पेशल मालगाड़ी को बबीना से झांसी तक चलाया गया। दूसरी मालगाड़ी झांसी से भेजी गई। मालगाड़ी संचालन के लिए अलग गलियारा (रेलवे ट्रैक) मिलने से अब सवारी ट्रेनों की गति में सुधार होगा।
विगत 28 जुलाई को मुख्य संरक्षा आयुक्त मोहम्मद लतीफ खान ने झांसी से बबीना के बीच बिछाई गई तीसरी लाइन (25.35 किलोमीटर) का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इंजन को दौड़ाकर पटरियों की जांच की गई। मुख्य संरक्षा आयुक्त ने नई लाइन पर संचालन शुरू करने के लिए प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। इससे नई लाइन पर गाड़ियां दौड़ाने का रास्ता साफ हो गया। बृहस्पतिवार को बीना से टुंडला जा रही बल्लभगढ़ स्पेशल मालगाड़ी को नई लाइन से झांसी तक लाया गया। इस दौरान मालगाड़ी की गति को 60 किलोमीटर प्रति घंटे रखा गया। इस मालगाड़ी के झांसी आने के बाद झांसी से एक खाली मालगाड़ी को बीना की तरफ भेजा गया। नई लाइन होने के कारण लोको निरीक्षक की देखरेख में ड्राइवरों ने मालगाड़ी का संचालन किया।
अब इस लाइन से मालगाड़ियां सीधे मालगोदाम की तरफ जा सकेंगी, उनको यार्ड में पटरियां नहीं बदलनी होंगी। इससे समय की बचत व संचालन बेहतर होगा। मालगाड़ियों के लिए बिल्कुल अलग लाइन हो गई है। दूसरा, पटरियों की मरम्मत करने के लिए अक्सर ट्रेनों का संचालन बंद करना पड़ता है। इसके लिए लंबे समय के लिए ब्लाक लेना पड़ता है। नई लाइन से अब यह समस्या नहीं रहेगी। मालगाड़ियों का समय पालन सुधरने पर माल समय पर पहुंचेगा। दुर्घटना होने पर तीसरी रेल लाइन विकल्प के रूप में काम कर सकेगी।
ड्राइवरों को किया जाएगा प्रशिक्षित
अभी नई लाइन पर गाड़ियां चलाने का अनुभव ड्राइवरों को नहीं है। उनको नहीं मालूम कि रास्ते में कहां- कहां सिग्नल मिलेंगे। इस कारण अब नई लाइन पर गाड़ियों का संचालन करने के लिए ड्राइवरों को एक- एक कर प्रशिक्षित किया जाएगा।