स्टेडियम में हाॅकी खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
स्टेडियम स्थित मेजर ध्यानचंद एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में हॉकी प्रदर्शनी मैच का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय भानु प्रताप वर्मा एवं राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार युवा कल्याण एवं पंचायती राज विभाग उपेंद्र तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रदर्शनी मैच में झांसी राइडर व ध्यानचंद विजाडर के मध्य खेला गया, जिसमें ध्यानचंद रिजाडर ने 02 गोल के स्कोर से मैच जीता। विजेता व उपविजेता टीमों को मैडल देकर पुरस्कृत किया गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने मेजर ध्यानचंद की स्मृति में पूर्व ओलंपिक व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों अशोक ध्यानचंद, सुजीत कुमार, तुषार खांडेकर, जफर इकबाल, श्री वीजे फिलिप्स, ओंकार सिंह, रोमियो जेम्स, जलालउद्दीन, विनीत कुमार, अशोक दीवान तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डा. आरपी सिंह, अब्दुल अजीज, श्री खुर्शीद अली, सुबोध खांडेकर, मो. युसुफ , आतिफ इदरीस आदि को बुके, शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने वर्चुअल उद्बोधन में अपने स्कूली जीवन में हॉकी के प्रति लगाव की जानकारी दी। मैच प्रारंभ होने से पूर्व आर्मी बैंड ने देश भक्ति के गीतों की धुनों को सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
संबोधित करते खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
झांसी की पहचान हॉकी के जादूगर दद्दा ध्यानचंद से है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने प्रदेश सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। उक्त बातें प्रदेश के खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी ने हीरोज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कहा।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर क्रीड़ा विश्वविद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। कहा कि क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के प्रयासों का परिणाम है कि दद्दा के जन्मदिन को खेल दिवस के रूप में घोषित किया गया। विधायक रवि शर्मा ने विधायक निधि से हीरोज ग्राउंड के सामने पहाड़ी पर स्थित ध्यानचंद की मूर्ति के पास बड़े अक्षरों में ‘आई लव झांसी’ लिखा जाएगा। यह झांसी से गुजरने वाली ट्रेनों और यहां की जनता को दूर से दिखाई देगा। समाज सेविका अनुराधा शर्मा, डा. चंद्रपाल सिंह यादव, प्रदीप जैन आदित्य ने भी लोगों को संबोधित किया।
कार्यक्रम आयोजक मेजर ध्यानचंद के पुत्र अशोक ध्यानचंद ने झांसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष डॉ. धन्नूलाल गौतम, समाज सेविका डॉ. नीति शास्त्री, जीवनधारा फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार तिवारी, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य नीलेश बुधौलिय सहित सभी अतिथियों को शॉल और श्रीफल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर राहुल रिछारिया, मनीष पाठक, सोम तिवारी, शालिनी गुरबक्शानी, अशोक गुरबक्शानी, अजय चड्ढा, राम कुमार शुक्ला, कन्हैया कपूर, इम्तियाज हुसैन, संजय चड्ढा, अशोक सेन पाली, इशरत अली आदि उपस्थित रहे।