झांसी। इलेक्शन बीत गया। उपभोक्ताओं से बकाया बिल की वसूली के लिए अब तक खामोश रहीं बिजली टीमें फिर से सक्रिय होने जा रही हैं। 72 करोड़ की वसूली के लिए खास अभियान चलाने की तैयारी है। ग्यारह हजार उपभोक्ताओं पर बिजली का पैसा बकाया चला आ रहा है। इस महीने के अंत तक पूरा पैसा वसूलने का लक्ष्य तय किया गया है। 24 टीमें गठित कर दी गईं हैं।
महानगर में बिजली विभाग दो खंडों में बंटा हुआ है। इनमें प्रथम नगरीय वितरण खंड में जेल चौराहा, मुन्ना लाल पावर हाउस और सीपरी और नगरीय वितरण खंड द्वितीय से बिजौली, मेडिकल और नंदनपुरा के क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। महानगर के प्रथम नगरीय वितरण खंड के कुल 63 हजार उपभोक्ता और नगरीय वितरण खंड द्वितीय में कुल 60 हजार 361 उपभोक्ता हैं। इनमें 10840 ऐसे बकाएदार हैं, जिन्होंने बिजली का बिल जमा नहीं किया है। इन पर 72 करोड़ का बकाया है। इनमें एक लाख के ऊपर के 114 बकाएदार, 50 हजार के ऊपर 324 बकाएदार, बीस हजार के ऊपर के 2369 बकायेदार हैं। जबकि पांच हजार के ऊपर 8205 बकाएदार हैं। विभाग सभी बकाएदारों को नोटिस भेज रहा है। मार्च महीने में सभी बकाएदारों के बिल जमा न करने पर उनके कनेक्शन काटकर आरसी जारी करेगा।
विभाग ने इन सभी बकाएदारों की सूची तो फरवरी में ही बना ली थी, लेकिन चुनाव में व्यस्तता के चलते कार्रवाई नहीं की गई। अब जल्द ही सभी बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। - राजकुमार, अधीक्षण अभियंता
एक करोड़ 14 लाख वसूलने के लिए आज से चलाया जाएगा अभियान
झांसी। महानगर स्थित हाइडिल कॉलोनी में अधीक्षण अभियंता ने सभी अधिशासी अभियंताओं के साथ बैठक की। इस दौरान सभी अधिकारियों को बड़े बकाएदारों के खिलाफ आज से अभियान चलाकर बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश दिए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता राजकुमार ने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए कि बकाएदारों के खिलाफ पांच चरणों में अभियान चलाया जाएगा। इसमें पहले चरण में एक लाख रुपये से ऊपर के 114 बकाएदार, दूसरे 50 हजार रुपये से ऊपर के 324 बकाएदार, तीसरे में 20 हजार रुपये से ऊपर के 2369 लोगों के खिलाफ और पांचवें में पांच हजार रुपये से ऊपर के 8205 बकाएदारों के खिलाफ अभियान चलाकर कनेक्शन काटे जाएंगे। इस मौके पर अधिशासी अभियंता डी. यादवेेदु, अनुभव कुमार सहित सभी सभी वितरण खंड के एसडीओ मौजूद रहे।