झांसी। सीएमओ कार्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान डीएम रविंद्र कुमार को दस डॉक्टर और कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डीएम ने नाराजगी जताते हुए उनका वेतन काटने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में विलंब से आने वाले अधिकारी, कर्मचारियों की सूची तैयार होगी।
बृहस्पतिवार की सुबह 10:35 बजे डीएम अचानक सीएमओ कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई को देखा। एक-एक कमरे में पटल की जानकारी ली। पत्रावलियों की जांच करते हुए कहा कि इनका समय से निस्तारण किया जाए। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. महेंद्र कुमार, डीआईएसएम सपन जैन, डीजीएम शशांक पुरोहित, डीपीसी विनय शर्मा, डीईआईसी डॉ. रामबाबू, सपना वर्मा, नरेंद्र कुमार, देवेंद्र कुमार शर्मा, अखिलेश भारती, ममता नदारद थीं। डीएम ने सभी का एक दिन का वेतन रोकने और उनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि देवेंद्र शर्मा बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित चल रहे हैं। इस पर डीएम ने अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि एक भ्रमण पंजिका भी तैयार की जाए, जिसमें यदि कोई डिप्टी सीएमओ, चिकित्साधिकारी किसी शासकीय से भ्रमण पर हो तो उनका विवरण पंजिका में दर्ज किया जाए। इस दौरान एसीएमओ डॉ. एनके जैन मौजूद रहे।