झांसी। मंगलवार को झांसी विजिलेंस की टीम ने महोबा के जिला उद्यान अधिकारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। उद्यान अधिकारी ने एक पंप डीलर से 30 लाख रुपये का बिल पास कराने के एवज में तीन लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। घूस की पहली किस्त उसके हाथ में पहुंचते ही उसे पकड़ लिया गया। विजिलेंस ने पकड़े गए अधिकारी के खिलाफ महोबा कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
किसानों को खेत तक पानी पहुंचाने के लिए उन्हें सरकार की ओर से पंप सेट की खरीद पर नब्बे फीसदी अनुदान दिया जाता है। महोबा के एक पंप डीलर ने किसानों को पंप सेट उपलब्ध करा दिए और 30 लाख रुपये का बिल उद्यान विभाग को सौंप दिया, लेकिन महीनों बाद भी उद्यान विभाग ने बिल का भुगतान नहीं किया। इस पर डीलर ने जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह से संपर्क किया। उद्यान अधिकारी ने 30 लाख के बिल पास कराने के एवज में तीन लाख रुपये रिश्वत की मांग की। ये रकम काफी ज्यादा थी, इस पर डीलर ने इसकी सूचना झांसी विजिलेंस टीम को दी। मंगलवार को पंप डीलर को घूस की रकम की पहली किस्त 50 हजार रुपये उद्यान अधिकारी को सौंपनी थी। जबकि, झांसी विजिलेंस की टीम पहले से ही गोपनीय ढंग से घेराबंदी कर चुकी थी। पंप डीलर द्वारा उद्यान अधिकारी को रकम सौंपते ही उसे विजिलेंस ने दबोच लिया। विजिलेंस ने पकड़े गए अधिकारी के खिलाफ महोबा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। टीम उसे लखनऊ कोर्ट में पेश करेगी।