झांसी। प्रेमनगर थाना इलाके से गुजरे रेलवे ट्रैक पर गंभीर रूप से घायलावस्था में मिले युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हत्या से पहले युवक के साथ मारपीट की गई और घटना को हादसे में तब्दील करने के लिए उसे रेल की पटरी पर छोड़ दिया गया। जबकि, पुलिस शुरुआती पड़ताल में घटना को आत्महत्या बता रही है।
मंगलवार की रात तकरीबन साढ़े दस बजे रेलवे एरिया में महाकौशल एक्सप्रेस के ड्राइवर ने ट्रैक पर किसी को पड़ा हुआ देखा। उसने गाड़ी रोककर इसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दी। मौके पर जीआरपी पहुंच गईं। ट्रैक पर घायल पड़े युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटनाक्रम से ट्रेन भी लगभग आधा घंटा खड़ी रही। युवक के पास मिले मोबाइल और पर्स के जरिये उसकी पहचान की गई। युवक प्रेमनगर के बिहारीपुरा निवासी डालचंद्र अहिरवार का पुत्र वेदप्रकाश अहिरवार (20) है। सूचना पाकर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। यहां वेदप्रकाश आईसीयू में भर्ती था। कुछ देर बात उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई सनी अहिरवार ने बताया कि वेदप्रकाश नगर के एक मॉल में सेल्समैन था। मंगलवार की सुबह 11 बजे वो घर से मॉल के लिए निकला था। लेकिन, वो वहां नहीं पहुंचा। घर से निकलने के बाद वेदप्रकाश काम पर न जाने की बजाय अपने तीन दोस्तों के साथ घूमता रहा। इसके बाद वो तकरीबन साढ़े तीन बजे अपनी प्रेमिका के साथ बाइक से फिल्म के लिए निकल गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। रात में गंभीर हालत में अस्पताल में दाखिल होने की सूचना आई। उसके सिर पर पीछे की ओर चोट लगी हुई थी। सनी ने भाई की हत्या का आरोप लगाया।
वहीं, प्रेमनगर थाना पुलिस का कहना है प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का जान पड़ रहा है। युवक पहले किसी ट्रेन से टकराया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हुआ। इसके बाद गुजरी दूसरी ट्रेन के ड्राइवर की उस पर नजर पड़ी। पुलिस ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है। जल्द स्थिति साफ हो जाएगी।