झांसी। महानगर में चौथे दिन भी पीले और बदबूदार पानी की सप्लाई की समस्या का समाधान नहीं किया गया। गंदे पानी के सप्लाई वाले मोहल्लों की संख्या 12 से बढ़कर 20 हो चुकी है। पानी ऐसा आ रहा है कि लोग इससे घरों की साफ-सफाई भी नहीं कर सकते। या तो खरीदकर पानी पी रहे हैं या फिर दूर दराज के हैंडपंप से पानी ढो रहे हैं। चार दिन बीत जाने के बाद भी इतनी बड़ी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
महानगर में पानी माताटीला के बबीना प्लांट में सप्लाई किया जाता है। हालांकि वहां से फिल्टर होने के बाद पानी जलसंस्थान के जलाशय और टंकियों के माध्यम से घरों तक पहुंचता है लेकिन पिछले चार दिनों से पीला पानी आ रहा है। एक बड़ी आबादी परेशान है लेकिन अफसर फिर भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। बीस मुहल्लों में संकट बना हुआ है।
लोगों से बातचीत
बगिया वाले मोहल्ले में तकरीबन 100 से ज्यादा घर हैं, लेकिन दो से तीन घरों में पानी आ रहा है, वह भी गंदा और दूषित है। - प्रदीप सोनी
नझई बाजार में चार दिनों से गंदा पानी आ रहा है। अब पीने के लिए तो पानी खरीद लेते हैं, कपड़े धोने की समस्या हो रही है। - दीपक, डरूगोंडेला वार्ड -59
डरूभोंडेला में भी संकट है। पिछले चार दिनों से गंदा और दूषित पानी आने से समस्या बनी है। लोग हैंडपंप से पानी ढो रहे हैं - नेहा
गुदरी मुहल्ले में भी बुरा हाल है। पानी में बदबू आ रही है। पीले रंग का पानी है। कपड़े भी नहीं धो सकते हैं। मांडवी
इन मोहल्लों में आ रहा गंदा पानी
गुदरी मोहल्ला, नझई बाजार, गणेश मठिया, शंकर सिंह का बगीचा, गुदरी स्कूल के पीछे मस्जिद के पास, गोलाकुआं, गोपाल नीखरा, स्वामीपुरम, खुशीपुरा, तालपुरा, कालीमाई, मदकखाना, कसाई मंडी, मोहनी बाबा, सैंयर गेट, नरसिंह राव टौरिया, दतिया गेट, मिशन कंपाउंड, सेना क्षेत्र, जलनिगम कॉलोनी में गंदा पानी आ रहा है।
वर्जन
कुलदीप सिंह महाप्रबंधक जल संस्थान का कहना है कुछ मोहल्लों में पानी की शिकायत आई है। जलनिगम ने जल शोधन में केमिकल की मात्रा बढ़ाई है। अब पानी सही आएगा।