झांसी। बड़ागांव थाना इलाके में अपने घर में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश करने वाली युवती की महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। एक सप्ताह पहले युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन परिजनों ने बचा लिया था।
बड़ागांव के ग्राम मरोड़ा में रहने वाले पल्लेदार राजू की पत्नी पूजा (25) ने दो सितंबर को अपने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की थी। लेकिन, इसकी भनक लगने पर घर के बच्चों ने शोर मचा दिया था, जिस पर पास में ही ताश खेल रहे पति और अन्य लोगों ने खिड़की से कमरे में घुसकर महिला की जान बचा ली थी। लेकिन, तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। आनन-फानन में परिजन उसे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए लेकर आए थे। यहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। विदित हो कि मृतका की चार साल की एक बेटी और ढाई साल का बेटा है।