झांसी। रक्सा के ग्राम डेली हाइवे पुल पर कारोबारी को घायल कर लूटपाट करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मौका पाकर भाग निकला। गिरफ्तार बदमाशों के पास से तमंचे, कारतूस, लूटी गई एक्टिवा के अलावा कुछ रुपये बरामद हुए हैं।
एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे ने बताया कि बीस दिसंबर को चार बदमाशों ने रक्सा क्षेत्र में रिछरा फाटक कोतवाली दतिया निवासी अतुल साहू के पिता राज कुमार साहू को लूट लिया था। बदमाश एक्टिवा संख्या यूपी93एएम-5620, सोने की अंगूठी, जंजीर, मोबाइल व 40 हजार रुपये लूटकर ले गए थे। अतुल की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू की।
शुक्रवार को स्वॉट टीम प्रभारी विक्रम सिंह व रक्सा थानाध्यक्ष रामबाबू सिंह को सूचना मिली कि बबीना की तरफ से बदमाशों का गैंग सिजवाहा की तरफ आ रहा है, जो लूट की वारदात को अंजाम दे सकता है। इस पर पुलिस ने सिजवाहा मोड़ पर घेराबंदी करके चार बदमाशों को दबोच लिया।
उन्होंने अपना नाम अनिल साहू पुत्र सूरे साहू निवासी पिपरौआ थाना भांडेर, दतिया, अजय यादव पुत्र रामबाबू यादव, पंकज यादव पुत्र राकेश यादव निवासीगण गांव कोट बेहटा, सीपरी बाजार व बृजेंद्र सोनी पुत्र कुंज बिहारी सोनी निवासी गांव रोरा थाना टहरौली बताया। मौका पाकर भागे बदमाश का नाम सोनू सिंह पुत्र अतर सिंह निवासी गांव कोट बेहटा सीपरी बाजार बताया गया।
तलाशी लेने पर बदमाशों के पास से लूटी गई एक्टिवा, मोबाइल, 5600 रुपये के अलावा तीन तमंचे व 14 कारतूस बरामद हुए। अजय ने बताया कि वह बीए फाइनल ईयर का छात्र है। पंचर बनाने वाले अनिल साहू ने बताया था कि दतिया निवासी राज कुमार साहू हर सप्ताह दो-ढाई लाख रुपये लेकर दतिया जाता है। 20 दिसंबर को पता चला कि वह रुपये लेकर जाने वाला है, जिस पर उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने बताया कि राजकुमार के पास से सिर्फ 18 हजार रुपये मिले थे।
आखिर सच क्या है
भले ही लूट की वारदात का खुलासा हो गया हो, मगर नकदी को लेकर अभी भी भ्रम की स्थिति है। वारदात के बाद बताया गया था कि बदमाश डेढ़ लाख रुपये लूटकर ले गए हैं। जब रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी तो उसमें 40 हजार रुपये का हवाला दिया गया।
बदमाशों ने एसएसपी के सामने खुलासा किया कि सूचना दो-ढाई लाख रुपये की थी, मगर जब लूटी गई नकदी को गिना तो वह सिर्फ 18 हजार रुपये निकली। लूट की नकदी का बंटवारा किया गया तो किसी के हाथ तीन तो किसी के हाथ चार हजार रुपये आए थे।
100 दिन में 51 खलासे पर ‘कुक्की’ अब भी चुनौती
झांसी। एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे का झांसी में कार्यकाल शुक्रवार को 100 दिन का हो गया है। वह इन दिनों में 51 वारदातों का खुलासा कर चुके हैं। परमजोत उर्फ कुक्की अभी भी पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
21 सितंबर को सुभाष चंद्र दुबे ने झांसी एसएसपी पद का चार्ज संभाला था। उन्होंने न सिर्फ अपने कार्यकाल में हुई वारदातों का बल्कि पूर्व में हुई वारदातों का भी खुलासा जल्द से जल्द करने का दावा किया था। दावे के अनुसार वह नित खुलासे कर भी रहे हैं। लेकिन, परमजोत का अब तक पता नहीं चल सका है।
एसएसपी ने बताया कि परमजोत की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। पूरे घटनाक्रम की शुरूआत से जांच पड़ताल की जा रही है।