एसएसपी के आदेश पर सीओ सिटी ने नई बस्ती क्षेत्र से मादक पदार्थ के तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से स्मैक, चरस व गांजा की 52 पुड़ियां बरामद हुईं। तस्कर से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने सरगना तक पहुंचने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
चौकी इंचार्जों के साथ बैठक करते समय एसएसपी किरण एस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोतवाली थानांतर्गत दतिया गेट क्षेत्र के हनुमान मंदिर वाली गली में एक व्यक्ति मादक पदार्थ बेच रहा है। इस पर उन्होंने सीओ सिटी को बुलाकर छापामार कार्रवाई करने के आदेश दिए। सीओ सिटी ने छापा मारकर एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक की 19, चरस की 21 व गांजा की 12 पुड़ियां बरामद हुईं। पूछताछ में उसने अपना नाम अंसार हुसैन पुत्र इकरार हुसैन निवासी उन्नाव गेट अंदर बताया। पुलिस ने उसका मोबाइल नंबर कब्जे में लेकर कई संदिग्ध नंबरों को खंगाला।
पुलिस के अनुसार अंसार ने खुलासा किया कि वह तीन सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से काम करता है। उसके पास हर घंटे बाद माल की सप्लाई बिक्री करने के लिए होती है। वह सिर्फ सप्लाई करने वाले व्यक्ति को जानता है, सरगना कौन है, उसे नहीं पता। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए तस्कर से कोतवाली पुलिस पूछताछ कर रही है। सरगना तक पहुंचने के लिए टीम को लगा दिया गया है।