सीसीटीवी फुटेज खंगाले, परिणाम नहीं निकाले
चोरों की गैंग की गिरेबां तक नहीं पहुंच सके पुलिस के हाथ
रिपोर्ट दर्ज, पूछताछ के लिए कइयों को बुलाया
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
शनिवार को विवाहघरों में लाखों की चोरी करने वाले चोरों के गिरेबां तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच सके हैं। पुलिस की जांच सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ तक सीमित रही, लेकिन परिणाम नहीं निकला। हालांकि, मामले दर्ज कर लिए गए हैं।
शनिवार को दतिया गेट बाहर निवासी जल निगम की लिपिक अनीता खरे की पुत्री दिव्या की आंतिया तालाब स्थित रजनी विवाहघर में शादी थी। इसी बीच समारोह में दो लड़कियां भी शामिल हुईं थीं। इसी दरम्यान मौका पाकर बड़ी ही सफाई के साथ अनीता के हाथ बैग लेकर रफूचक्कर हो गईं थीं। बैग में दो लाख रुपये नकद, आभूषण और अन्य सामान रखा हुआ था। इसी तरह, मंडी रोड गहोई लक्ष्मीपुरम कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश नीखरा की पुत्री आकांक्षा की शादी का कार्यक्रम सदर बाजार थाना इलाके के ओरछा रोड पर स्थित पैराडाइज विवाह घर में चल रहा था। बारात के साथ सूटबूट पहने दो युवक आकर बैग चोरी कर ले गए थे। बैग में व्यवहार के रुपये, करीब दो लाख के जेवरात, मोबाइल व उपहार रखे हुए थे। नवाबाद व सदर बाजार पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लड़कियों व युवकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने सोमवार को विवाह घर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने इस मामले में कइयों से पूछताछ भी की है।
बोलचाल से बाहरी लग रहीं
पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। जहां पता चला बातचीत में लड़कियों की भाषा यहां की नहीं बाहरी थी। पुलिस का भी मानना है कि इसमें लोकल गैंग का हाथ नहीं है। दोनोें ही घटनाओं में लड़कियां व युवक बाहरी हैं, जो घटना को अंजाम देकर निकल गए। बाहरी होने के कारण पहचान का भी डर नहीं था।