ऑटो चालक का मिला शव, हत्या की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। थाना सदर बाजार इलाके मेें बाहर सैय्यर गेट निवासी सोनू (26) का शव मिला। सूचना पाकर पुुलिस ने मौके पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने हत्या मानते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना नवाबाद इलाके के मढ़िया मोहल्ला निवासी सोनू ऑटो चालक था। सोमवार सुबह वह ऑटो चलाने निकला था। शाम तक वह घर लौटकर नहीं आया। इसी बीच सदर बाजार पुलिस को सूचना मिली कि सिंघर्रा रोड पर गड्ढे में युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले कागजात के आधार पर इसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हत्या की तरफ इशारा कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।