झांसी। योगी सरकार भले ही अपराध नियंत्रण के लिए हर रोज आदेश-निर्देश जारी कर रही हो, लेकिन झांसी पुलिस पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा। शुक्रवार की शाम शिक्षिका साधना गुप्ता पर हमला कर लुटेरे चेन छीन ले गए थे पर 48 घंटे बाद पुलिस ने रिपोर्ट तक नहीं लिखी। सीसीटीवी पर लुटेरे कैद हैं पर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
कोतवाली इलाके के झरना गेट के पास लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया था। पास के एक होटल में लगे सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि लुटेरे भाग रहे हैं और एक बाइक से टकराए भी थे। लेकिन बाद में भाग निकले। पीड़ित साधना ने चौकी में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने मामले को इस कदर हल्के में लिया कि अभी तक रिपोर्ट ही दर्ज नहीं की। आश्चर्य की बात यह कि कोतवाली प्रभारी आशीष मिश्रा कह रहे हैं कि अभी तक पीड़िता की तरफ से लिखित तहरीर नहीं मिली है, तो रिपोर्ट कैसे दर्ज करें।
पुलिस पीड़िता से संपर्क करके मामले की जांच कर रही है। साधना गुप्ता ने बताया कि उन्होंने घटना वाले दिन ही कोतवाली की मिर्नवा चौकी में लिखित शिकायत की थी, लेकिन अभी तक पुलिस ने कुछ भी नहीं किया। वह दहशत में हैं। शाम को पुलिस उनके घर पहुंची पर वह किसी शादी समारोह में थीं। इस कारण संपर्क नहीं हो सका।
सीओ सिटी डा. जंगबहादुर का कहना है कि मामला दर्ज करेंगे। साथ ही बताया कि चेन स्नैचिंग व झपटमारी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने के लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह को यह भी नहीं पता कि पीड़िता ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए तहरीर दे दी है। उनका कहना है कि इसका पता लगाएंगे और रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अखिलेश चौरसिया ने कहा कि पीड़ित महिला को अपने कार्यालय में बुलाकर जानकारी करेंगे और रिपोर्ट भी दर्ज करवाएंगे।
आईपीएल के सटोरिए हो सकते झपटमार
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आईपीएल किक्रेट के दौरान सट्टेबाजी चरम पर रहती है। जल्द रूपया कमाने के फेर में युवा सट्टेबाजी का शौक अपना लेते हैं। सट्टे के फेर में कर्ज में डूबने पर युवा चेन स्नेचिंग, मोबाइल छीनने जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। इन पर नजर रखी जा रही है।