थाना नवाबाद पुलिस ने एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर रुपये उड़ाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें मुख्य आरोपी मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग का छात्र है। पुलिस ने उनके पास से एक लैपटॉप, कार्ड क्लोनिंग मशीन, 16 एटीएम कार्ड खाली, चार क्लोन किए एटीएम और 88 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसपी सिटी देवेश पांडेय ने बताया कि मेडिकल कालेज कैंपस में रहने वाले चिकित्सक डा. भूपेश कुमार यादव के एटीएम से सात बार में 90 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। सूचना पर नवाबाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल शुरू की। एसआई पंजाब सिंह व विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी शिवशंकर प्रताप तिवारी ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो सुराग मिल गए। शनिवार को पुलिस ने मेडिकल कालेज के पास गुमनावारा निवासी विनय भास्कर, दिगारा निवासी मानवेंद्र अहिरवार और कोछाभांवर निवासी पीयूष को गुमनावारा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से एक लैपटॉप, एटीएम कार्ड क्लोनिंग मशीन, चार खाली एटीएम कार्ड और 88 हजार रुपये बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों में विनय भास्कर मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग का छात्र है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।