झांसी। खाली प्लॉट में गंदगी मिलने पर उस प्लॉट मालिक से नगर निगम जुर्माना वसूलेगा। जुर्माना न चुकाने वालों के चालान सीधे कोर्ट भेजे जाएंगे। वहां उनको शमन शुल्क भरना होगा। नगर आयुक्त ने ऐसे प्लॉट चिन्हित करने के साथ ही उनके खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
बारिश के बाद एकत्रित होने वाले पानी में डेंगू के मच्छर इन दिनों तेजी से पनप रहे हैं। इसी तरह गंदगी वाली जगहों पर मलेरिया के मच्छर भी पनप रहे हैं। इस मौसम में यह दोनों रोग महानगर में तेजी से पांव पसार रहे हैं। नगर निगम में सबसे अधिक शिकायत ऐसी दर्ज कराई जा रहीं जिनमें मोहल्लों के भीतर खाली प्लाट में गंदगी होने की बात कही जाती है। इनके पड़ोसियों की शिकायत है कि खाली प्लाट होने से भवन स्वामी उसकी देखरेख नहीं करते। मोहल्ले के लोग वहीं कूड़ा फेंकते हैं। इससे यहां गंदगी जमा हो जाती है। शिकायत के बाद नगर निगम को सफाई अमला भेजकर यहां से सफाई करानी पड़ती है। इसे देखते हुए निगम प्रशासन ने खाली प्लॉट में गंदगी मिलने पर इसकी जिम्मेदारी भवनस्वामी की तय कर दी है। नगर आयुक्त अवनीश राय ने अपर नगर आयुक्त एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ऐसे सभी प्लॉट धारकों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दोषी मिलने वालों पर अधिकतम पांच हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। निगम प्रशासन ने विभिन्न वार्डों में कुल 26 नोटिस भी जारी कर दिए हैं। नगर आयुक्त अवनीश राय के मुताबिक जुर्माना न चुकाने वालों के चालान सीधे कोर्ट भेजे जाएंगे। भवन स्वामी को वहीं अपना जुर्माना चुकाना पड़ेगा।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी को मालूम नहीं संख्या
नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.विनीत कुमार से खाली प्लॉट मालिकों की संख्या के बारे में पूछा लेकिन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी यह संख्या नहीं बता सके जबकि कुछ माह पहले ही इसके बारे में विस्तृत सर्वे कराया गया था। इसके बावजूद नगर आयुक्त के संख्या पूछने पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी बगले झांकते नजर आए। ऐसे में नगर आयुक्त ने डा.विनीत को तत्काल सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों से रिपोर्ट तलब करके सूची तैयार करने को कहा है।