झांसी। झांसी और ललितपुर में कोरोना के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। इसी महीने दोनों ही जनपदों को मिलाकर 21 नए केस सामने आ चुके हैं। शनिवार को भी दोनों ही जिलों में दो-दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ऐसे में चौथी लहर का डर सताने लगा है।
झांसी में मौजूदा समय में संक्रमितों का आंकड़ा 44573 पहुंच चुका है। जबकि, एक अप्रैल को 44564 पॉजिटिव थे। इस महीने झांसी में दो अप्रैल, छह, नौ, 10, 11, 16 और 17 अप्रैल को एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिले। जबकि, शनिवार को दो नए संक्रमित सामने आए। वहीं, ललितपुर में भी एक से 22 अप्रैल तक 10 संक्रमित मिले थे। जबकि, शनिवार को दो लोगों को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो गई। ऐसे में लगातार मामले समाने आने से फिर से कोरोना की चौथी लहर का डर सताने लगा है, क्योंकि देश के कई राज्यों में फिर से केस बढ़ने शुरू हो गए हैं। वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि चौथी लहर आएगी। दिल्ली, मुंबई में कोरोना की शुरूआत होने के एक महीने बाद झांसी में केस बढ़ने शुरू होते हैं। इस बार भी ऐसा ही होने की आशंका है। हालांकि, उनका दावा है कि ओमिक्रॉन से कम संक्रमण दर रहेगी। मरीजों के गंभीर होने के केस भी ओमिक्रॉन की तुलना में कम रहेंगे।
ये बोले विशेषज्ञ
जहां भी केस बढ़े हैं, वहां पर मरीजों के भर्ती होने की दर न के बराबर है। हालांकि, झांसी में भी इस महीने लगातार केस आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क जरूर पहनें। - डॉ. अंशुल जैन, उप प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज।
कोरोना की चौथी लहर आएगी। दिल्ली, गाजियाबाद, मुंबई, मध्य प्रदेश में केस बढ़ रहे हैं। यहां शुरूआत होने के एक महीने बाद झांसी में केस बढ़ने शुरू होते हैं। हालांकि, ओमिक्रॉन की तुलना में संक्रमण और गंभीर होने की दर कम रहेगी। - डॉ. रामबाबू, क्रिटिकल केयर इंचार्ज, मेडिकल कॉलेज।