झांसी। वाणिज्य कर विभाग ने टैक्स चोरी के बाद जब्त की 38 लाख की सुपारी को 95 लाख में नीलाम कर दिया है। प्रदेश में यह अपने तरह का पहला मामला है, जब जब्त वस्तु को दोगुने से अधिक दामों में नीलाम कर दिया गया।
वाणिज्य कर सचल दल ने 2018 में 23 टन सुपारी टैक्स चोरी के आरोप में जब्त की थी, जिसकी कीमत 38.80 लाख आंकी गई। माल स्वामी उसे छुड़ाने नहीं आया। जांच में पता लगा कि कानपुर की जिस फर्म के पास सुपारी भेजी जा रही थी, वह फर्जी है। ज्वाइंट कमिश्नर (एसआईबी) आरके सिंह के निर्देशन पर चार सदस्यीय नीलामी कमेटी का गठन किया गया। रक्सा चेक पोस्ट पर आयोजित नीलामी में 27 कारोबारियों ने हिस्सा लिया। नीलामी के दौरान कानपुर देहात की फर्म दिव्या केमिकल ने सुपारी को 95 लाख में खरीद लिया। नीलामी में नागपुर के व्यापारी भी शामिल हुए।