झांसी। महानगर में सीपरी बाजार, खाती बाबा, नगरा, प्रेमनगर जैसे कई मोहल्लों में नाले की जमीन पाटकर लोगों ने घर बना लिए। इस वजह से इन इलाकों में नाले का पानी बैक फ्लो होकर वहीं भर जाता है। पिछली बारिश में इन इलाकों में कई जगह पानी भर गया था। इस बार भी यहां रहने वालों को इसका डर सता रहा है।
मानसून की आहट शुरू हो चुकी है, लेकिन नगर निगम का नाला सफाई अभियान नालों पर हुए अवैध कब्जों की वजह से कई मोहल्लों में रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा। शहर के पानी को बाहर निकालने वाले कई बड़े नालों पर अवैध कब्जे हैं। इसके चलते इन नालों का बहाव जगह-जगह बंद है। बहाव न होने से नाले गंदगी से पट चुके हैं। इनकी सफाई भी नहीं हो पा रही है। वार्ड संख्या 26 खाती बाबा के ईसाई टोला मोहल्ले में नाले पर कई जगह अवैध कब्जे हैं। इससे इलाके के पानी का बहाव बंद हो गया। ताज कंपाउंड, सीपरी बाजार, नरिया बाजार, नगरा, प्रेमनगर आदि मोहल्लों में भी नाला इस वजह से जगह-जगह पर संकरा है। संकरा होने से इसकी सफाई नहीं हो पाती। यह नाले भी गंदगी से पटे हैं।
नाले में पानी आगे नहीं निकल पाता। इस वजह से उसका गंदा पानी बैक फ्लो होकर मोहल्ले में भर जाता है।
-देवेंद्र रायकवार, खाती बाबा
नाले की सफाई नहीं होती। पूरा नाला चोक है। बारिश से पहले सफाई नहीं हुई तब मोहल्ले में गंदा पानी भरना तय है।
-इलियास, ताज कंपाउंड
नाले जगह-जगह बंद हैं। इस वजह से उनका पानी आगे नहीं निकल पाता। मोहल्ले में गंदा पानी भरता है।
-राजा, खाती बाबा
नगर निगम को बंद नालों को खुलवाकर उनकी सफाई करानी चाहिए। नाले में कचरा भरा पड़ा है।
-सुनीता, ताज कंपाउंड