अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में निर्धारित सीटें नहीं भरने पर डी.फार्मा, बी.फार्मा और एम.फार्मा के कुछ पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की पुष्टि और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि भी 10 जुलाई है। कुलपति के निर्देश पर रिक्त सीटों को भरने के लिए अब सीधे प्रवेश के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शिक्षा संकाय में संचालित आईटीईपी, बीएससी-बीएड और बीए-बीएड पाठ्यक्रमों के लिए भी शुक्रवार से पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। एनसीटीई की प्रवेश परीक्षा के माध्यम से आवंटित अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल पर 50 रुपये पंजीकरण शुल्क ऑनलाइन जमा कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।