झांसी। पद्म भूषण मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के मौके पर सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट में स्वच्छता अभियान एवं सिक्स ए साइड हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के पहले दिन दो मैच खेले गए। जिसमें बालिका वर्ग में एलवीएस अकादमी ए और बालक वर्ग में एलवीएम अकादमी ए ने मैच में जीत दर्ज की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक आभा जैन ने स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अखिल शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में एलवीएम अकादमी ए ने रूप सिंह अकादमी को 5-4 से हराया। एलवीएम अकादमी की ओर से केतन कुशवाहा ने चार, दीपेंद्र कुशवाहा ने एक गोल किया। वहीं रूप सिंह अकादमी की ओर से अजहर ने तीन व रेहान खान ने एक गोल किया। बालिका वर्ग में एलवीएम अकादमी ए ने ध्यानचंद स्टेडियम ए को 2-1 एक से पराजित कर मैच जीता। जिसमें एलवीएम अकादमी की ओर से संजना रायकवार व वैशाली ने एक-एक गोल किया। ध्यानचंद स्टेडियम की ओर से कोमल रायकवार ने एक गोल किया। इस मौके पर रैफरी संजय भारती, मोहम्मद वहीद, सतीश चंद, मुन्ना कुशवाहा, सुरेश चंद, बृजेश कुशवाहा, सलीम उद्दीन मौजूद रहे। संस्थान के पूर्व कोषाध्यक्ष सुनील शर्मा ने संचालन व सचिव मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया।