झांसी। सोमवार से कक्षा छह से आठ तक के विद्यालय खुल जाएंगे। बच्चे कोविड प्रोटोकाल के तहत स्कूल तो जाएंगे लेकिन पुस्तकों का वितरण नहीं होने से कैसे पढ़ाई करेंगे यह बड़ा सवाल बना है।
23 अगस्त से पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाई का कार्य शुरू होने जा रहा है। लेकिन पुस्तकों के अभाव में शिक्षण कार्य अभी प्रभावित रहेगा। मार्च 2020 से कोरोना संक्रमण के बढ़ते स्तर को देखते हुए पूर्ण लॉकडाउन घोषित होते ही स्कूल, कॉलेज बंद कर दिए गए थे। अब कोरोना संक्रमण का असर कम होते ही शासन ने ऑफलाइन कक्षाओं के संचालन का निर्णय लिया और क्रमबद्ध तरीके से बीते 16 अगस्त से माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोले गए है। अब सोमवार 23 अगस्त से कक्षा छह से आठ तक के विद्यालय खोले जाएंगे लेकिन पुस्तकों के अभाव में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। कई अभिभावकों ने बताया कि कोविड प्रोटोकाल के तहत कक्षाओं में बच्चों की उपस्थिति को लेकर प्रधानाध्यापक और अध्यापक संपर्क कर रहे हैं। लेकिन स्कूलों के लगातार बंद रहने के कारण पुस्तकों का वितरण नहीं होने से बच्चे कैसे पढ़ाई करेंगे तथा उन्हें ड्रेस कब तक वितरित किया जाएगा यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
स्कूल लगातार बंद रहने के कारण पुस्तकों का वितरण नहीं हो सका। सितंबर के पहले सप्ताह में बच्चों में पुस्तकें वितरित करा दी जाएंगी। ड्रेस और जूते मोजे जैसे ही उपलब्ध होंगे बच्चों में बांट दिए जाएंगे। - वेद राम, बीएसए।