झांसी/ उरई। डीआरएम आशुतोष ने शनिवार को झांसी- भीमसेन रेलखंड में निरीक्षण के दौरान तमाम खामियां पकड़ीं। उरई रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सफाई के नाम पर चल रहा फर्जीवाड़ा पकड़ लिया। यहां पर कागजों में 16 कर्मचारी है लेकिन मौके पर सिर्फ नौ ही काम करते मिले। मशीन चलाने का भी आपरेटर का वेतन निकाला जा रहा है। जबकि मशीन कोने में पड़ी है। जब डीआरएम ने गंदगी देखी और सफाई के बारे में जवाब तलब किया। तब हकीकत सामने आ गई। उन्होंने मुख्य वाणिज्य निरीक्षक को फटकार लगाई और सीनियर डीसीएम से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की। इसके पूूर्व झांसी के वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) कार्यालय में भी कर्मचारियों की हाजिरी लगाने में खेल पकड़ा जा चुका है।
उन्होंने झांसी- कानपुर डबल ट्रैक का काम देखा और कार्यदाई संस्था को निर्देश दिए कि मोंठ से नंदखास, एरच रोड के 24 किलोमीटर के बचे काम को एक महीने के भीतर पूरा कर लिया जाए। ताकि जल्द ही इस रेलवे ट्रैक का सीआरएस कराया जा सके। उन्होंने अधूरे कार्यों को भी तेजी से पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने टिन शेड में पानी के रिसाव को देखकर आरवीएनएल के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने मुस्तरा, चिरगांव, कालपी, भीमसेन स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। गढ़मऊ स्टेशन पर विस्थापित होने जा रहे मालगोदाम की जगह व लेआउट प्लान के साथ चल रहे अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया।
इस दौरान सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, सीनियर डीईएन सेंट्रल शोभनाथ, आरवीएनएल के सीपीएम केके तलरेजा, सीनियर सिग्नल इंजीनियर अमित गोयल मौजूद रहे।