झांसी। झरना गेट के पास स्थित पुरातत्व विभाग की जमीन जालसाज ने ऊंची कीमत मेें बेच दी। फर्जीवाड़े का पता चलने पर भुक्तभोगी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दो के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बड़ागांव गेट अंदर निवासी प्रशांत जैन ने पुलिस को बताया कि वह स्पेयर पार्टस कारोबारी है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात सिविल लाइंस निवासी अंशु छाबड़ा पुत्र रामजी छाबड़ा से हुई थी। अंशु शहर का होटल कारोबारी है। प्रशांत को गोदाम बनाने के लिए जमीन की जरूरत थी। अंशु ने प्रशांत को झांसी में शहर के भीतर ही जमीन दिलाने का वायदा किया। भुक्तभोगी के मुताबिक अंशु ने उसे झरना गेट के पास जमीन दिखाई। फर्जी कागज दिखाकर उसने यह पूरी जमीन अपनी बताई। यह जमीन उसे पसंद आ गई। इसके लिए उसने तेरह लाख रुपये अंशु को दे दिए। एक लाख रुपया बैनामा आदि पर खर्च हो गए। सौदे के बाद जब उसने कागज की पड़ताल कराई तब यह जमीन पुरातत्व विभाग की निकली। यह देखकर प्रशांत के होश उड़ गए। उसने तुरंत अंशु से बात करके पैसा वापस करने को कहा लेकिन, पैसा वापस नहीं किए गए। इसके बाद प्रशांत ने अंशु एवं सुदामा प्रसाद यादव के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में तहरीर दी। नवाबाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नवाबाद इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले की पड़ताल कराई जा रही है।