झांसी। बुंदेलखंड की धरती पर अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व वाली अपना दल (एस) की धमाकेदार शुरुआत हुई। पार्टी ने इस चुनाव में दो सीटों पर चुनाव लड़ा और दोनों पर ही जीत हासिल करने में कामयाब रही। जबकि, निषाद पार्टी के हाथ निराशा लगी।
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन, इस चुनाव में पार्टी ने 16 सीटों पर ही अपने प्रत्याशी उतारे, जबकि तीन सीटें सहयोगी दलों को दीं। इनमें झांसी की मऊरानीपुर और चित्रकूट की मानिकपुर सीट अपना दल को दी गई थी। अपना दल ने मऊरानीपुर से डा. रश्मि आर्य और मानिकपुर सीट से अविनाश चंद्र द्विवेदी को प्रत्याशी बनाया था और दोनों ही जीतने में कामयाब रहे। जबकि, शुरुआत में अपना दल का चुनाव चिह्न ‘कप-प्लेट’ मतदाताओं तक पहुंचाना आसान नहीं माना जा रहा था। वहीं, भाजपा ने जालौन जिले की कालपी सीट निषाद पार्टी को दी थी। निषाद पार्टी यहां से छोटे सिंह को मैदान में उतारा था, लेकिन उन्हें सपा के विनोद चतुर्वेदी के सामने हार का सामना करना पड़ा।