झांसी। रविवार दोपहर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सामने बने पार्क में पानी पीने गए एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक पास में रैन बसेरा में अपनी मां के साथ रहकर तंगहाली में दिन गुजार रहा था।
महोबा के थाना बेलाताल इलाके के अजनर गांव निवासी स्व. हरप्रसाद का पुत्र सोनू (21) अपनी मां मीरा के साथ रेलवे स्टेशन के पास बने रैन बसेरे में पिछले एक माह से डेरा डाले हुए थे। यहां छोटा-मोटा काम कर दोनों मां बेटे किसी तरह गुजर-बसर कर रहे थे। रविवार दोपहर तकरीबन 12 बजे सोनू को प्यास लगी, तो वो डीआरएम ऑफिस के सामने बने इंजन वाले पार्क में लगे नल से पानी पीने पहुंचा। युवक की मां मीरा ने बताया कि वह पार्क की लोहे की ग्रिल लांघकर अंदर जाने की कोशिश कर रहा था, इसी दरम्यान पास के खंभे से लटक रहे तार के संपर्क में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पास में ही मौजूद मां को पहले तो पुत्र के मरने का विश्वास नहीं हुआ और जब पता चला तो वो दहाड़ मारकर रोने लगी। जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक की मां मीरा ने बताया कि उसकी महोबा के गांव अजनर में खेती थी। उसके पति ने खेती बेच दी थी और बाद में पति की भी मौत हो गई थी। एक बेटी थी, जिसकी शादी कर दी थी। गांव में जीवन-यापन का कोई साधन नहीं बचा था, तो मां-बेटे दोनों काम की तलाश में झांसी आ गए थे। यहां रहने का कोई ठिकाना न होने पर रैन बसेरा में ही एक महीने से रह रहे थे। बेटा कभी ट्रेनों की सफाई कर लेता था, तो कभी अन्य कोई छोटा-मोटा काम। बेटे के सहारे किसी तरह दिन गुजर रहे थे। लेकिन, अब वो भी चला गया।
वहीं, रेलवे के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद पार्क का निरीक्षण कराया गया, जिसमें सामने आया कि पार्क के अंदर खंभे के पास एक केबिल का कटा हुआ टुकड़ा पड़ा है और एक टूटा हुआ स्टे वायर पड़ा है, जिसमें बिजली की सप्लाई नहीं है। युवक की मृत्यु करंट से नहीं, बल्कि किसी अन्य कारण से हुई है।