थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर खुर्द निवासी राहुल सिंह (32) की संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार की रात मौत हो गई। परिवार के लोगों के मुताबिक उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिवरामपुर खुर्द निवासी राहुल सिंह के पिता कंचन सिंह के मुताबिक मंगलवार की रात परिवार के सभी लोग भोजन करके सो गए। राहुल रात में किसी समय घर के बाहर छत से निकले छड़ में साड़ी से फंदा लगाकर झूल गया। मध्यरात्रि के लगभग मेरी बहू डिम्पी सिंह बाहर निकली तो राहुल को फं दे पर देखकर चीख उठी। बहू की चीख सुनकर घरवालों को घटना के बारे में पता चला। प्रधान ने 112 डायल पुलिस को सूचना दी। राहुल सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई इसका पता नहीं चला। घर के बड़े बेटे राहुल के खुदकुशी करने से दो वर्षीय का मासूम डिब्बू अनाथ हो गया। छोटा भाई रोहित सिंह रोजी-रोटी के लिए मुंबई में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। इस संबंध में केराकत कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने कहा कि मामला आत्महत्या का है। फिलहाल, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।