मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद के दलित गांव में बृहस्पतिवार की रात दीपावली पर युवती से बात कर रहे युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के भाई की तहरीर पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुस्तफाबाद गांव निवासी संतोष मौर्या (26) पुत्र स्वर्गीय शेरबहादुर मौर्या बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे दलित बस्ती में गया था। बताते हैं कि वहां वह एक लड़की के साथ बस्ती से करीब 50 मीटर दूर खेत की मेड़ पर बैठकर बात कर रहा था। इसी बीच उसके मोबाइल की घंटी बज गई, जिसकी आवाज सुनकर दलित बस्ती से प्रेमचंद्र व उनका बेटा गुलशन, प्रदीप पुत्र महेंद्र व उनके परिवार वाले मौके पर पहुंचे। इतने में लड़की मौके से भाग गई। वहीं, आशनाई के शक में जमकर युवक की लाठी-डंडे से पिटाई कर दी गई। घटना के बाद संतोष के बड़े भाई राकेश मौर्या व उनके गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोग घायल संतोष को निजी गाड़ी से मछलीशहर कोतवाली रात में करीब 2 बजे लेकर आए। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर भेजा। लेकिन हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर दिया। जहां पर पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय का कहना है कि शव पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक के भाई राकेश कुमार मौर्य की तहरीर पर नामजद पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों कि तलाश की जा रही है, वे घर से फरार हैं।