अपर जिलाधिकारी भू राजस्व राजकुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में 9 अगस्त को मनाए जाने वाले आजादी के अमृत महोत्सव की तैयारी पर चर्चा की गई। शहीद स्मारक व आसपास के स्थलों की साफ-सफाई आदि संबंधी कार्य जल्द कराने को कहा गया।
एडीएम ने विभागीय अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर कोविड हेल्प डेस्क बनाने को कहा। उन्होंने समस्त कार्यक्रमों के सजीव प्रसारण के लिए जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय को एलईडी वैन की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में होगा। प्रेक्षागृह की साफ-सफाई, सजावट की व्यवस्था शीघ्र कराने के लिए निर्देशित किया। शहीदों को समर्पित कविता पाठ, स्लोगन, गीत आदि केसंदर्भ में जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन की सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही प्रभात फेरी और तिरंगा यात्रा के आयोजन के समय कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर डीडीओ बीबी सिंह, एसडीएम सदर हिमांशु नागपाल, बीएसए गोरखनाथ पटेल, एसडीएम अमिताभ यादव, ईओ केराकत संदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।