पशुओं में तेजी से फैल रहे गांठदार त्वचा रोग से पशुपालकों के समक्ष समस्या पैदा हो गई है। जानकारी होने पर पशुपालन विभाग की टीम ने मंगलवार को पशुओं के ब्लड की सैंपलिंग की। सैंपल जांच के लिए बरेली भेजे गए।
क्षेत्र के अढ़नपुर, रामनगर, कटघर आदि गांवों में कई पशु गांठदार त्वचा रोग से ग्रसित हैं। पशुपालकों की सूचना पर राजकीय पशु चिकित्सालय अढ़नपुर पर तैनात पशु चिकित्सा अधिकारी डा. आलोक सिंह पालीवाल मौके पर पहुंचे और उपचार करके पशुपालकों को रोग की रोकथाम के लिए आवश्यक सुझाव दिया। उन्होंने इसकी जानकारी विभाग के उच्चाधिकारियों को भी दी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर डॉ. पालीवाल ने मंगलवार को गांवों में पहुंचकर रोगग्रस्त पशुओं के खून के नमूने लिए। उन्होंने बताया कि रोगग्रस्त पशुओं के कुल पांच नमूने लिए गए हैं। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नमूने जांच के लिए भारतीय पशु अनुसंधान संस्थान बरेली भेज दिए गए हैं।