चोर रविवार की अलग-अलग घरों में सेंध लगाकर नकदी व कीमती सामान उठा ले गए। क्षेत्र के घनश्यामपुर पुलिस चौकी के कुशहा द्वितीय गांव निवासी अनंतु खरवार के घर पर रविवार की रात छत के सहारे घर में दाखिल हुए चोर 13 हजार नकद समेत दो जोड़ी पायल, सोने का झुमका आदि उठा ले गए। गहनों की पेटी आदि घर से करीब सौ मीटर दूर धान के खेत में मिले।
दूसरी घटना इसी गांव निवासी संतोष सिंह के घर की है। घर में रखी पेटी चोर रात में उठा ले गए। घर से सौ मीटर दूर पर स्थित ईंट भट्ठे पर ले जाकर पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखे पांच थान गहने व 25 हजार नकदी निकाल ले गए। तीसरी घटना घनश्यामपुर गांव निवासी सत्यनारायण गौतम के यहां की है। चोर सत्यनारायण के घर में पोस्ट ऑफिस के कार्य से रखे 18 हजार नकद निकाल ले गए। चौथी घटना इसी थाना क्षेत्र के देवरामपुर गांव की है। पीड़ित जन्मेजय यादव के मुताबिक वे मिनी बैंक का संचालन करते हैं। रविवार की रात उनके घर से चोर घर में रखे पांच सेट आभूषण व बैंक कार्य के लिए रखे पचास हजार रुपये उठा ले गए। चोरी की घटनाओं से संबंधित एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच पड़ताल चल रही है।