धनियामऊ बाजार में कैश वैन लूटने आए बदमाशों की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग के दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट से बाजार में दहशत फैल गई। धड़ाधड़ दुकानों के शटर गिर गए। कोई शटर खुला छोड़क र ही दुकान से भाग खड़ा हुआ तो किसी ने अंदर से ही शटर गिरा लिया। गोलियों की आवाज थमने के बाद पुलिस की गाड़ियां पहुंचने लगी तो लोगों ने राहत की सांस ली।
एटीएम बूथ के ठीक सामने मोची का काम करने वाले बड़ारी निवासी कुलपत ने बताया कि दो लोग गोलियां चला रहे थे। वे सीढ़ी के नीचे से ही गोली चला रहे थे। फायरिंग शुरू हुई तो वह दुकान छोड़कर बाजार की तरफ भागे। कुछ देर बाद जब पुलिस पहुंची तो लौटकर दुकान पर आए। दक्षिणपट्टी गांव के पूर्व प्रधान सरदार खान ने बताया कि घटना स्थल के पास में स्थित अपने मकान की पेंटिंग करा रहे थे। वह मकान के अंदर थे तभी गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी। बाहर आए तो देखा एक ही बाइक पर तीन बदमाश एक हेलमेट पहने था और दो गमछे से चेहरे को बांधे थे, वे फायरिंग करते हुए गली से होकर हाईवे की तरफ तेज रफ्तार में भाग रहे थे। एटीएम बूथ के सामने गोली लगने से जमीन पर गिरा गार्ड तड़फ रहा था। वहीं पास में जनरल स्टोर चलाने वाले दुकानदार ने बताया कि एटीएम बूथ के सामने कैश वैन आकर रुकी और उसमें से उतर कर दो लोग एटीएम बूथ में जाने लगे तभी बदमाशों ने सीढ़ी के पास से ही फायरिंग शुरू कर दी। एक बदमाश दोनों हाथ में पिस्टल से फायरिंग कर रहा था जबकि दूसरा बदमाश एक हाथ से फायरिंग कर रहा था। गोली चलती देख वह इस कदर सहम गया कि यह नहीं देख सका कि बदमाश कैसे और किस रास्ते से भागे।
---
पुलिस चौकी से महज दो सौ मीटर दूरी पर हुई वारदात
बक्शा। धनियामऊ बाजार में जिस एटीएम बूथ के पास कैश वैन के गार्ड की गोली मारकर हत्या की गई वहां से धनियामऊ पुलिस चौकी महज दो सौ मीटर दूर है। गोलियों की आवाज पुलिस चौकी से काफी आगे तक भी सुनाई दे रही थी। पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई थी, लेकिन पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। घटना के करीब दस मिनट बाद डायल 112 की गाड़ी पहुंची। जबकि चौकी प्रभारी राकेश राय 20 मिनट बाद और उनके पीछे थानाध्यक्ष बक्शा विनोद सिंह पहुंचे। हालांकि चौकी प्रभारी का कहना है कि घटना के वक्त वह नौपेड़वा के पास थे। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे हैं। लेकिन चौकी पर मौजूद अन्य सिपाही घटना के वक्त कहां चले गए थे यह सोचकर स्थानीय लोग भी हैरान हैं। बाजार के व्यापारियों का कहना है कि जब यहां पुलिस चौकी होने के बाद भी बदमाशों में कोई खौफ नहीं है तो कारोबारी खुद को कैसे सुरक्षित समझे।
---
दीवार पर मौजूद हैं गोलियों के निशान
बक्शा। घटनास्थल के पास दीवार पर गोलियों के कई निशान मौजूद हैं। दीवार पर मौजूद गोलियों के निशान देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बदमाशों ने किस तरह बेखौफ होकर वहां फायरिंग की। घटना की सूचना पर पहुंचे एसपी अजय कुमार साहनी और सीओ सदर रणविजय सिंह ने भी दीवार पर मौजूद गोलियों के निशान समेत पहलुओं पर बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर बक्शा के अलावा, बदलापुर, महराजगंज, सिकरारा और सरायख्वाजा थाने की फोर्स और एसओजी टीम भी पहुंचकर छानबीन की। घटना स्थल पुलिस ने कारतूस के कई खोखे बरामद किए।
---
गार्ड ने कहा कैश से भरा बैग लूट ले गए बदमाश, पुलिस और कैशियर ने किया इनकार
संवाद न्यूज एजेंसी
बक्शा। धनियामऊ बाजार में कैश वैन से लूट को लेकर काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही। घटना के वक्त मौके पर मौजूद दूसरे गार्ड आशुतोष सिंह ने मीडिया कर्मियों से कहा कि बदमाश कैश से भरा बैग भी लूटकर फरार हो गए। जिसमें पांच लाख रुपये थे। गार्ड के इस बयान का वीडियो भी वायरल हो गया। घटना के कई प्रत्यक्षदर्शियों का भी कहना है कि बाइक से भाग रहे बदमाशों के हाथ में बैग था। हालांकि गार्ड के बयान का वीडियो वायरल होने के बाद मीडिया के सामने आए कैशियर प्रमोद प्रजापति और सौरभ सिंह ने कहा कि उनके पास से कोई लूट नहीं हुई। सारा कैश सुरक्षित है। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार का भी कहना है कि मौके से लूट नहीं हुई है। बदमाशों के हाथ में लोगों ने जो बैग देखा होगा वह बैग बदमाश अपने साथ लेकर आए होंगे।
--
गोली चलते ही गाड़ी से दूर भाग खड़ा हुआ चालक
बक्शा। धनियामऊ बाजार में जिस वक्त बदमाशों ने फायरिंग शुरू की तो कैश वैन का चालक वीरेंद्र सिंह और दूसरे कैशियर सौरभ सिंह गाड़ी में थे। एक गार्ड आशुतोष सिंह गाड़ी के पास नीचे खड़े थे जबकि कैशियर प्रमोद प्रजापति और गार्ड रामअवध चतुर्वेदी कैश लेकर एटीएम मशीन में डालने बूथ के अंदर पहुंच चुके थे। उसी दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू की तो वैन में मौजूद चालक और कैशियर सौरभ सिंह भागकर दूर खड़े हुए।
टाइमलाइन
2:55 बजे धनियामऊ बाजार में पहुंची कैशवैन ।
3.00 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गए बाजार के लोग।
3:10 बजे पहुंची डायल 112 पुलिस।
3:12 बजे घायल घायल गार्ड को लेकर जिला अस्पताल के लिए रवाना हुई कैशवैन।
3:15 बजे घटना स्थल पर पहुंचे चौकी प्रभारी।
3:20 बजे फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष बक्शा।
3:30 बजे तक बाजार में जमा हो गई पुलिस फोर्स और लोगों की भीड़।
3:45 बजे मौके पर पहंचे सीओ सदर रणविजय सिंह।
3:55 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने गार्ड को मृत घोषित किया।
4:24 बजे मौके पर पहुंचे एसपी अजय कुमार साहनी।
4:35 बजे मौके की जांच कर जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए एसपी।