एसपी अजय साहनी ने 13 अक्तूबर को सरपतहां थाना क्षेत्र के नजोपुर (गैरवाह) निवासी महिला से हुई लूट के मामले में पुलिस चौकी सरायमोहिउद्दीनपुर पर तैनात सिपाही अमरजीत यादव को बुधवार को रात लाइन हाजिर कर दिया। सिपाही ने लूट की घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को कई घंटे बाद दी थी। इससे उसकी भूमिका संदिग्ध पाई गई थी।
गैरवाह गांव निवासी सुरसत्ती देवी पत्नी हिरजू अपने पौत्र प्रिंस को साथ लेकर गुड़बड़ी बाजार स्थित बैंक से प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त निकालने गई थीं। वहां से 30 हजार रुपये निकालकर जब वह घर लौट रही थीं तो रास्ते में घूरीपुर व नजोपुर गांव के बीच सुनसान स्थान पर बाइक सवार लुटेरों ने तमंचे के बल पर उनसे 30 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए थे। पीड़िता के पौत्र ने घटना की सूचना तत्काल वापस लौटकर शाखा पर तैनात एक सिपाही को दी। आरोप है कि इसके बाद वहां उपस्थित सिपाही अमरजीत यादव घटनास्थल पर गए, लेकिन उन्होंने मामले की जानकारी न सिर्फ उच्चाधिकारियों से छिपाई बल्कि पीड़िता का मोबाइल भी यह कहकर स्विच ऑफ करवा दिया कि इस संबंध में किसी से भी कुछ मत बताना। घटना के कई घंटे बाद ग्राम प्रधान विजय सिंह के माध्यम से क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार को इसकी जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस लुटेरों की तलाश में सक्रिय हुई। सीओ अंकित कुमार ने बताया एसपी ने सिपाही अमरजीत यादव को निलंबित कर दिया है।