सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर बाजार में स्थित एक निजी क्लीनिक के चिकित्सक को सोमवार की रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मारने का प्रयास किया। इस दौरान चिकित्सक बदमाशों से भिड़ गए। इस दौरान बदमाशों का असलहा गिर गया। इसके बाद बदमाश असलहा छोड़कर भाग गए।
जपटापुर निवासी पूर्व प्रधान डॉ. मदनलाल यादव जपटापुर बाजार में निजी डिस्पेंसरी चलाते हैं। डा. मदन का कहना है कि सोमवार की रात करीब 9 बजे बाइक सवार दो बदमाश उनके डिस्पेंसरी में घुस गए और असलहा निकालकर उनके ऊपर तान दिया। इस दौरान वहां उनका पुत्र शांतनु भी मौजूद था। मदन लाल बदमाशों से भिड़ गए और शोर मचाने लगे। जिसके बाद बदमाश फरार हो गए। इस दौरान बदमाशों का असलहा भी गिर गया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने असलहे को कब्जे में ले लिया। डॉ मदन लाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।