विधायक शैलेन्द्र यादव ललई ने अपने विधानसभा क्षेत्र की 578 क्षतिग्रस्त सड़कों की सूची प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को भेजा है। इसमें उन्होंने पीडब्ल्यूडी पर सूची में शामिल क्षतिग्रस्त सड़कों पर ध्यान नहीं देने का आरोप लगाया है। साथ ही इन सड़कों को बनाने की स्वीकृति देने और संबंधित अधिकारी को निर्देश देने की मांग की है।
विधायक ने पत्र के माध्यम से कहा है कि क्षेत्र के जिन ग्रामीण मार्गों का निर्माण हुआ था, उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय है। इससे क्षेत्र वासियों को आवागमन में असुविधा होती है। ग्रामीण मार्गों की मरम्मत कराया जाना जरूरी है। अर्गुपुर-कटार मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग करते हुए पत्र में कहा है कि अर्गुपुर-कटार मार्ग बाईपास के रूप में प्रयोग किया जाता है। इस मार्ग पर केंद्रीय भंडारण गृह, डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज व औद्योगिक क्षेत्र पड़ता है। इसके अंतिम छोर पर मंडी व मध्य मार्ग के पास रेलवे स्टेशन पड़ता है। जिसके कारण इस मार्ग का चौड़ीकरण जरूरी है। उन्होंने वर्ष 2015 में स्वीकृत अधूरे पड़े सड़कों की सूची भी पत्र के साथ संलग्न किया है। कहा है कि वर्ष 2015 में स्वीकृत निम्न कार्य अधूरे पड़े हैं। इसके चलते क्षेत्रवासियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों को बनवाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की है। उन्होंने लोहिया ग्रामीण की 15 सड़क मार्गों की भी सूची भेजी है। क्षेत्र में पड़ने वाली ओडीआर की 11 सड़कों का विवरण देते हुए चौड़ाई 3.75 मीटर करवाने की मांग भी की है। विधायक ने पत्र में कहा है कि जनहित की योजनाओं में सरकार भेदभाव न करे।