प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क के शिलान्यास को लेकर बसपा सांसद श्याम सिंह यादव और राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सांसद द्वारा किए गए दावे का राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने यह कहकर जवाब दिया कि जो जिस भाषा में बात करेगा, उसको उसी भाषा में जवाब मिलेगा।
राज्यमंत्री मंगलवार को कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई की सड़क का शिलान्यास इस वजह से किया, क्योंकि उसका चयन उनके प्रस्ताव पर हुआ। उनके पत्र के 11 माह बाद सांसद का पत्र गया। आरोप लगाया कि सांसद सिर्फ मीडिया में बने रहने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। राज्यमंत्री ने प्रमाण दिखाते हुए कहा कि बसपा में उनके सुप्रीमो के अलावा कोई निर्णय नहीं ले सकता है, जबकि भाजपा में हर निर्णय के लिए हम सभी का सहयोग लिया जाता है। उन्होंने कहा कि सीएम ने मुंगराबादशाहपुर की जनसभा में जिले के भाजपा सांसद व विधायकों की तारीफ की थी। मैंने जौनपुर की हर विधानसभा व आजमगढ़, मैनपुरी, इटावा में शिलान्यास व लोकार्पण किया है। इस मौके पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, मनीष श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।