लाइनबाजार के रामदयालगंज के पास एक 15 वर्षीय किशोर मंगलवार को सई नदी में कूद गया। आस-पास के लोगों ने जब देखा तो शोर मचाया। देर शाम घटना स्थल पर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस गोताखोरों की मदद से खोजबीन में जुटी हुई है।
जलालपुर क्षेत्र के बैरिपुर निवासी अनिकेत यादव (15) पुत्र स्वर्गीय राजेश यादव सरस्वती निकेतन इंटर कालेज बैरीपुर में कक्षा नौ का छात्र है। वह मंगलवार को अपराह्न करीब ढाई बजे स्कूल से छुट्टी के बाद घर के लिए निकला। कुछ देर बाद शाम को अनिकेत के मडियाहूं के ऊंचनी गांव के एक रिश्तेदार का फोन घर आया। जिसमें बताया गया कि रामदयालगंज बाजार के समीप सई नदी के पुल के पास एक बैग मिला है। जिसमें एक फोटो तथा कापी-किताब पर अनिकेत यादव का नाम लिखा है। वह किशोर बैग रखकर नदी में कूद गया है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की मदद से उसे खोजने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रमेश यादव ने बताया गोताखोर खोजबीन में जुटे हुए हैं।