जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मापुर बाजार में शुक्रवार को चाकू घोंपकर हुई पहलवान बादल यादव (22) की हत्या और उसके साथी पहलवान अंकित को घायल करने की घटना के बाद जमकर उपद्रव हुआ था। मामले में उच्चाधिकारियों ने जांच की तो थानाध्यक्ष अवधनाथ यादव की लापरवाही सामने आई थी। इस पर शनिवार की देर रात पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस मुख्यालय पर देर से जानकारी मिल पाई थी। इधर घायलों को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने बादल को मृत घोषित कर दिया था। अंकित को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया था। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने प्रसाद तिराहे पर आगजनी, तोड़फोड़ करते हुए प्रदर्शन किया था। इसकी जानकारी विलंब से होने पर स्थिति को नियंत्रण करने में पुलिस को समय लग गया था। इतना ही नहीं, जांच में मीडिया के जरिए यह बात सामने आई कि मामले में मुख्य आरोपी शिवम राय उर्फ गोलू आपराधिक प्रवृत्ति का था। उसके खिलाफ एक संविदा स्वास्थ्यकर्मी के साथ मारपीट मामले में सीएचसी चोरसंड की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इतना ही नहीं, इस मामले में पीडि़त के पिता की तहरीर पर जो मुकदमा दर्ज किया भी गया, उसमें प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे आरोपी खुलेआम घूम रहा था। थानाध्यक्ष की उदासीनता या लापरवाही पर कार्रवाई की गई।
बदलापुर और मडि़याहूं सीओ भी बदले
जौनपुर। एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि लापरवाही के आरोप में गौराबादशापुर थानाध्यक्ष अवनाथ यादव को निलंबित कर दिया गया है। ट्रेनिंग ले रहे सीओ गौरव शर्मा को अग्रिम आदेश तक गौराबादशाहपुर का नया प्रभारी बनाया गया है। केराकत सीओ शुभम तोदी को बदलापुर इसी पद पर भेजा गया है। मडि़याहूं के सीओ संत प्रसाद उपाध्याय को केराकत और सीओ बदलापुर अशोक कुमार सिंह को मडियाहूं का सीओ बनाया है।