Code of Conduct: जौनपुर में यह वीडियो वायरल हुआ है। इस बाबत शाहगंज सीओ का बयान भी आया है। उन्होंने कहा है कि मामले की जांच करवाई जाएगी। इससे पहले विधायक रमेश प्रत्याशी कृपाशंकर के साथ शिवपुर ताखा निवासी एक पूर्व अध्यापक के घर पहुंचे थे, वहां से प्राथमिक विद्यालय पर पहुंच गए।
जौनपुर के शाहगंज लोकसभा चुनाव के मद्देनजर स्थानीय एक प्राथमिक विद्यालय में आचार संहिता के उल्लंघन का मामला सामने आया है। इसमें शाहगंज विधायक रमेश सिंह जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह को लेकर एक सरकारी विद्यालय में पहुंच गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
वीडियो में विधायक छात्रों को उनके अभिभावकों से भाजपा को वोट देने का आग्रह कर रहे हैं। कोतवाली क्षेत्र के ताखा पश्चिम गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में निषाद पार्टी के विधायक रमेश सिंह, प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह के साथ पहुंचे। जहां क्षेत्रीय विधायक ने विद्यालय के जर्जर भवन को भी देखे।
विज्ञापन
लौटते समय छात्रों से वीडियो में पूछते नजर आ रहे हैं कि बच्चो बताओ तुम्हारे माता-पिता वोट किसको देंगे। तो छात्रों ने जबाव में विधायक को वोट देने की बात कही, तो विधायक ने ठेठ भोजपुरी अंदाज में कहा कि अपने माता-पिता से कहना अबकी बार भाजपा को वोट दें।
बताया जा रहा कि इससे पहले विधायक रमेश प्रत्याशी कृपाशंकर के साथ शिवपुर ताखा निवासी एक पूर्व अध्यापक के घर पहुंचे थे, वहां से प्राथमिक विद्यालय पर पहुंच गए। यह वीडियो वायरल होते ही हडकंप मच गया।
शाहगंज सीओ अजीत सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जाएगी। आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आएगा तो मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।