पूर्वांचल विश्वविद्यालय अनुदानित महाविद्यालय स्व वित्त पोषित शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष डॉ. अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति को मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया और समस्याओं के समाधान की मांग की।
कुलपति को सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षकों की वरिष्ठता सूची बनाकर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने, ईपीएफ व सीपीएफ की कटौती, शिक्षकों को 540 रुपये महंगाई भत्ता दिए जाने आदि की मांग की। इसके अलावा कोरोना महामारी के दौरान मृत शिक्षकों के आश्रितों को शिक्षक कल्याण कोष से अविलंब आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी की। महामंत्री डॉ. संजय कुमार तिवारी ने कुलपति से शिक्षकों की समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष डॉ. रविकांत सिंह, संयुक्त मंत्री डॉ. हरिकेश सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ. ज्ञानप्रकाश सिंह, डॉ. पूनम श्रीवास्तव आदि शामिल रहीं।