सिंगरामऊ बाजार में स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे टैंकर से सीएनजी गैस का रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि जिला मुख्यालय से पहुंची टेक्नीशियन की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद रिसाव को बंद कर दिया।
गौतमी पेट्रोल व सीएनजी पंप पर प्रयागराज से 400 लीटर सीएनजी लेकर एक टैंकर पहुंचा था। जहां सुबह करीब 10 बजे टैंकर से सीएनजी के रिसाव की जानकारी हुई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। मौके पर थानाध्यक्ष रामायण यादव मय फोर्स पहुंच गए। घटनास्थल पर मौजूद सुशांत तिवारी ने बताया कि पेट्रोल लेने के लिए पंप पर गए थे। एकाएक जोरदार आवाज होने से डर गया। पेट्रोल पंप कर्मियों ने बताया कि सीएनजी में रिसाव हो रहा है, जिसके बाद वहां पर भगदड़ मच गई।
सिंगरामऊ बाजार के ही निवासी ललित तिवारी ने बताया कि घर में खाना बन रहा था, लेकिन, रिसाव की जानकारी होने पर गैस बंद कर दिया। सभी ज्वलनशील चीजें बंद कर दी गई। करीब एक घंटे तक गैस का रिसाव होता रहा। पेट्रोल पंप के कर्मचारी व टैंकर का ड्राइवर किसी तरह रिसाव को बंद किए तब जाकर सभी राहत की सांस ली। फायर ब्रिगेड की गाड़ी रिसाव बंद होने के बाद पहुंची। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामायण यादव ने बताया सीएनजी का रिसाव सुबह 11 बजे ही बंद हो गया था।