जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सिकरारा थाना क्षेत्र के टेकारी गांव के पास सोमवार को सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
टेकारी गांव निवासी अमरनाथ यादव (62) रोज की तरह सुबह करीब साढ़े 6 बजे खेत की तरफ से लौटकर घर पहुंचने के लिए सड़क पार कर रहे थे। सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, वाहन समेत चालक फरार हो चुका था। परिजन निजी वाहन से उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान दोपहर करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। परिजन अस्पताल से शव लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ सैय्यद मुंतजर हुसैन ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।