जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के फत्तूपुर रेलवे क्रासिंग पर बृहस्पतिवार की रात ट्रेन से कटमरी तीन सगी बहनों की अंतिम संस्कार रामघाट पर किया गया। दाने-दाने के लिए मोहताज परिवार के पास दाह संस्कार तक के लिए पैसा नहीं था। इतना ही नहीं, जिम्मेदारों ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। आखिर में रिश्तेदारों की मदद से एक ही चिता पर तीनों की लाश रखकर अंतिम संस्कार किया गया ।भाई गणेश ने मुखाग्नि दी तो मौजूद रिश्तेदारों की आंखें नम हो गई।
महराजगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी निवासी प्रिती (16), आरती (14) और काजल (11) के शव का शुक्रवार की रात ही पोस्टमार्टम हो गया। परिवार के लोगों के पास घर शव ले जाने का पैसा नहीं था। परिवार से जुड़े लोगों के मुताबिक रिश्तेदारों की मदद से 600 रुपये में एक एंबुलेस किया गया और शव को रामघाट ले जाया गया। जहां रिश्तेदारों ने लकड़ी की व्यवस्था की और एक ही चिता पर तीनों सगी बहनों का शव रखा गया। जिसे गणेश (20) ने मुखाग्नि दी। वहीं, शनिवार को गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। तीन-तीन मौत के बाद भी गांव में कोई जनप्रतिनिधि शोक जताने नहीं पहुंचा। दूसरी ओर नेत्रहीन मां आशा देवी अपनी बेटियों के लिए तड़प रही थी। बहन रेनू और ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है।
पीड़ित परिवार को खाने के लिए दिया अनाज
राजाबाजार। पीड़ित परिवार के घर संवेदना जताने पहुंचे महराजगंज के खंड विकास अधिकारी शशिकेश सिंह ने एक बोरी अनाज, कंबल व नकद सहायता दी। उन्होंने ग्राम प्रधान राकेश वर्मा व ग्राम पंचायत अधिकारी को मृत किशोरियों की मां आशा देवी को स्वीकृत आवास का छत शीघ्र बनवाने का निर्देश दिया। कार्यवाहक एडीओ (पंचायत) विजयभान यादव ने बताया कि आशा देवी के परिवार को लालकार्ड देने का प्रस्ताव ग्राम पंचायत की बैठक में पारित कर भेजा जा चुका है।
आशा को मिलेगा कृषि योग्य भूमि का पट्टा
राजाबाजार। आशा देवी का कृषि योग भूमि का पट्टा दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक स्तर से कवायद भी शुरू हो गई है। शनिवार को एसडीएम लाल बहादुर अहिरौली दलित बस्ती में पहुंचे। आशा देवी की दयनीय हालत देखकर कुछ आर्र्िथक सहयोग किया। साथ कृषि पट्टा देने का भी आश्वासन दिया। अधूरे पडे पीएम आवास को अतिशीघ्र पूरा कराने व नि:शुल्क राशन अंत्योदय जारी करने का निर्देश भी दिया। संबंधित कानूनगो हल्का लेखपाल संदीप जायसवाल को कृषि आवंटन के लिए फाईल तैयार करने को कहा। वही, लेखपाल-कानूनगो ने भी पैसा इकठ्ठा कर उन लोगों को सहयोग प्रदान किया है। इस दौरान कानूनगो - दिनेश सिंह, हल्का लेखपाल संदीप जायसवाल, अन्य लेखपाल रामानंद, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।