जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के राजपुर गांव से एक सप्ताह पूर्व घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका को पुलिस ने बरामद कर लिया। दोनों की रजामंदी से कोतवाली स्थित मंदिर में शादी कराई गई। इनका पिछले तीन साल से प्रेम संबंध चल रहा था। यह शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
क्षेत्र के राजपुर प्रथम गांव निवासी करन पटेल (21) पुत्र जितेंद्र पटेल का पड़ोस की रहने वाली कविता (20) पुत्री राम सिंगार पटेल के बीच प्रेम-संबंध है। बीते 23 मार्च को दोनों घर से भाग गए। परिजनों ने 23 मार्च को ही कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस प्रयागराज से बुधवार को दोनों को बरामद कर कोतवाली ले आई। दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। दोनों परिवारों व गांव के संभ्रांत लोगों की उपस्थिति में बुधवार से ही पंचायत चलती रही। काफी रस्साकसी के बाद बृहस्पतिवार को दोपहर में दोनों के परिजन शादी के लिए राजी हो गए। कोतवाली परिसर स्थित मंदिर में लड़के ने लड़की की मांग में सिंदूर भरकर पूरे हिंदू रीति रिवाज से परिणय सूत्र में बंध गए। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों दोनों बालिग थे, उनकी रजामंदी से कोतवाली में शादी कराई गई।