जौनपुर। घर आए परदेसियों को होली के बाद काम पर लौटना मुसीबत भरा हो गया है। कार्यस्थल की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटें ही नहीं बची हैं। इसका प्रमुख कारण दलालों का बोलबाला है। आम आदमी को टिकट नहीं मिल रहा लेकिन दलालों को टिकट आसानी से मिल जा रहा है। मुंबई जाने के लिए स्लीपर श्रेणी का 650 रुपये का टिकट 1500 तक में बेच रहे हैं।
जिले के जौनपुर जंक्शन, सिटी रेलवे स्टेशन और शाहगंज रेलवे स्टेशन स्थित टिकट काउंटर पर प्रतिदिन तत्काल टिकट के लिए लंबी लाइन लग रही है। आलम यह है कि लाइन में लगे पहले या दूसरे व्यक्ति को ही टिकट मिल पा रहा है। बाकी लोग निराश होकर लौट रहे हैं। इसमें भी रोजाना लाइन में लगने वाले पहले या दूसरे नंबर के व्यक्ति दलालों के होते हैं। टिकट न मिलने से निराश लोगों को भी दलाल अपना शिकार बना रहे हैं। उन्हें दोगुने से भी अधिक दाम पर टिकट उपलब्ध करा रहे हैं।
जौनपुर से सबसे ज्यादा मुंबई जाने वाले यात्री हैं। मुंबई की ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। मजबूरन लोग दलालों को पकड़ रहे हैं। इसका फायदा उठाते हुए दलालों ने टिकट के रेट बढ़ा दिए हैं। जौनपुर से मुंबई जाने के लिए स्लीपर श्रेणी में जो काउंटर टिकट 650 रुपये का है, वो दलाल 1500 प्रति व्यक्ति के हिसाब से दे रहे हैं। ऐसे ही अन्य शहरों के टिकट के भी रेट बढ़े हैं।
मुंबई का टिकट लेने के लिए आया था, लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि कंफर्म टिकट चार माह तक नही मिलेगा। पहले से ही टिकट बुक हो चुके हैं। - राम मिलन विश्वकर्मा
24 घंटे से तत्काल टिकट के लिए लाइन लगाकर बैठा था। दूसरे नंबर पर जब टिकट निकालने के लिए फार्म दिया, तो टिकट कोटा फुल हो गया था। - शोभित
दो दिन से मुंबई जाने के लिए तत्काल टिकट के लिए नंबर लगा रहा हूं। जब नंबर आता है तो उसके पहले ही वेटिंग आ जाती है। और टिकट नहीं मिलता है। - अंकुर मौर्या
तीन माह से टिकट निकालने के चक्कर में पड़ा था, लेकिन टिकट न मिलने पर अंत में एक दलाल से टिकट महंगे दाम पर लेकर जाना पड़ रहा है। - रमेश सिंह
इन ट्रेनों में लंबी वेटिंग, यात्री परेशान
मुंबई जाने वाले गोदान एक्सप्रेस में 305, गाजीपुर बांद्रा में 106 वेटिंग, महानगरी एक्सप्रेस में 100, कामायनी एक्सप्रेस में 88 वेटिंग लिस्ट पहुंच गई है। जबकि दिल्ली वाले ट्रेेनों में सद्भावना एक्सप्रेस में 122, फरक्का एक्सप्रेस में नो रूम, सुहेलदेव एक्सप्रेस में 80, श्रमजीवी एक्सप्रेस में 78 तक वेटिंग पहुंच गई। कंफर्म टिकट नहीं मिलने से लोग किसी तरह यात्रा कर
तत्काल टिकट के लिए लोग प्रतिदिन लाइन लगा रहे हैं। नंबर के क्रम में उन्हें टिकट मिल रहा है। दलालों पर नजर रखी जा रही है। यदि कोई इससे संबंधित शिकायत करता है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। - सुनील मिश्रा, आरक्षण प्रभारी, जौनपुर जंक्शन