पूर्वांचल-बिहार आने वाली ट्रेजौनपुर। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में दीपावली के साथ-साथ छठ पूजा का विशेष महत्व है। त्योहार को देखते हुए बिहार, पूर्वांचल के जनपदों को जाने वाली ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। रेलवे विभाग के वेबसाइट पर पूरे नवंबर में किसी भी ट्रेन में जगह खाली नहीं दिख रही है।
मुंबई, दिल्ली सहित अन्य महानगरों से आने वाली ट्रेनें अब पूरी तरह से भरी आ रही हैं। कोरोना काल के कारण नियम है कि ट्रेनों में बिना आरक्षण के यात्रा नहीं कर सकते हैं। जिसकी वजह से लोग और भी परेशान हो रहे हैं। दीपावली और छठ पूजा में घर पहुंचने के लिए टिकट की समस्या यात्रियों पर भारी साबित हो रही है। लोग त्योहार पर घर जाने के लिए अपने काम छोड़ कर टिकट की जद्दोजहद में लगे हैं। शाहगंज से बिहार जाने वाली गरीब नवाज एक्सप्रेस और साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलती है। जबकि उत्सर्ग एक्सप्रेस और सूरत छपरा एक्सप्रेस ट्रेन रोज जाती हैं। यात्री टिकट के लिए सुबह से दोपहर तक टिकट खिड़की पर लाइन लगाते और मायूस होकर घर लौट रहे हैं।
स्टेशन अधीक्षक शाहगंज आरपी राम ने बताया कि पैसेंजर ट्रेनें बंद हैं। जिसके चलते यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। इसलिए टिकट की समस्या होना लाजमी है। इसी तरह प्रतापगढ़-वाराणसी रेल प्रखंड से गुजरने वाली ट्रेनों की भी स्थिति है। वाराणसी प्रतापगढ़ रेलवे रुट पर स्थित जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर दीपावली व छठ त्योहार के कारण यात्री यात्रा को लेकर परेशान हैं। गोरखपुर कुर्ला, काशी एक्सप्रेस, छपरा दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, रत्नागिरी एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस गाजीपुर, बान्द्रा एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, पंजाब मेल, पुर्वा एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस ट्रेनों में 27 नवंबर तक वेटिंग चल रही है। टिकट बाबू जंघई रामजी यादव ने बताया कि सारी ट्रेनों में 27 तक वेटिंग है।