धर्मापुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव निवासी एक छात्रा से शनिवार की देर शाम तीन की संख्या में आए बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। इस दौरान छात्रा गिरकर घायल हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस छानबीन कर वापस लौट गई।
पिलखिनी गांव निवासी खुशबू (19) पुत्री होरी लाल शाम को गौराबादशाहपुर कस्बे से कोचिंग पढ़ कर घर वापस जा रही थी। वह साइकिल चलाते हुए मोबाइल पर बात करते हुए जा रही थी। गांव के पास पहुंची ही थी कि तभी पीछे से एक बाइक पर सवार आए तीन बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिराने के साथ ही उसके हाथ से मोबाइल छीन कर फरार हो गए, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद किसी ने इसकी सूचना 112 नंबर डायल कर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस छान बीन कर वापस लौट गई। एसओ गौराबादशाहपुर संतोष कुमार पाठक ने बताया कि ऐसी किसी घटना की जानकरी नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।