उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबने से पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
शहर कोतवाली इलाके के बड़ी मस्जिद के पीछे मोहल्ला रोजा अर्जन में गुरुवार देर रात कच्चा मकान धराशायी हो गया। इस दौरान कई लोग मलबे में दब गए। रात करीब एक बजे पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि छह लोगों के घायल होने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों ने दी है। हालांकि, इसके बाद भी मलबे में तलाश की जा रही है। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
देर रात लगभग 11 बजे परिवार के कुछ सदस्य सो रहे थे तो वहीं कुछ लोग बैठकर बातें कर रहे थे कि इसी दौरान पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। जिसमें चांदनी (18), शन्नो (55), गयासुद्दीन (17), मोहम्मद असाउददीन ( 19), हेरा( 10) व स्नेहा (12), संजीदा (37), मोहम्मद कैफ (8), मिस्बाह (18) व पड़ोस के अजीमुल्लाह (68) दब गए। स्थानीय लोगों व जिला प्रशासन ने दबे लोगों को निकाल कर घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया।