दीपावली की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इस बीच मड़ियाहूं में अवैध पटाखा फैक्ट्री में बीते दिनों हुए विस्फोट के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने मातहतों को घनी आबादी में किसी भी कीमत पर पटाखा की दुकानें न लगने देने का निर्देश दिया है। उधर, सोमवार को जनपद में पटाखा की बिक्री के बाबत दुकान खोलने के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं।
शहर में इस बार पटाखा की दुकानें टीडी कालेज व राज कालेज मैदान में सजेंगी। जहां चार दिनों तक व्यापारी खुले में अस्थायी दुकान लगाकर पटाखों की बिक्री कर सकेंगे। इसके लिए 65 लोगों ने अस्थाई लाइसेंस जारी किए गए हैं। इसमें से टीडी कालेज के मैदान में 50 और राज कालेज में 15 अस्थायी दुकानें खोली जाएंगी। हालांकि मड़ियाहूं में अभी तक कोई अस्थायी लाइसेंस नहीं जारी किया गया है। केराकत के नार्मल स्कूल के मैदान में पांच दुकानों के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किया गया है। बदलापुर के जूनियर हाईस्कूल श्रीकृष्णनगर में पटाखों की अस्थायी दुकान लगनी है, अभी तक दो अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं। शाहगंज के रामलीला मैदान पर पटाखों की अस्थायी दुकानें लगती हैं। इसके लिए आठ अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं। मछलीशहर के फौजदार इंटर कालेज में 15 दुकानों के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मड़ियाहूं में अभी तक किसी ने अस्थाई लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं किया है। घनी आबादी में किसी को भी पटाखा बेचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।