सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के नेवादा ईश्वरी सिंह गांव में सोमवार को रास्ते के विवाद को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई लालजी यादव (55) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव में आई पत्नी, बेटी, बेटे और बहू भी घायल हो गए। जिनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
नवादा ईश्वरी सिंह गांव में लालजी यादव और छोटे भाई रामजीत के बीच रास्ते को लेकर काफी पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह करीब सात बजे रास्ते से लालजी के परिवार के लोग जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रामजीत यादव व उनके परिवार के लोगों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिससे लालजी यादव (55) की मौके पर ही मौत हो गई। बीच बचाव में उनकी पत्नी प्रमिला, बेटे जितेंद्र, बेटी सोनम व बहू सुनीता को पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जिन्हें ग्रामीण आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला ले गए। चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष कृष्णकांत सिंह ने बताया मृतक के बेटे जितेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने रामजीत उर्फ लालचंद्र, उनके लड़के शुभम और शिवम और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।