रूहट्टा में सड़क पर फैले कूड़े में अपना भोजन तलाश करते छुट्टा पशु। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। तीन दिन से हो रही लगातार बारिश के शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। जगह-जगह कूडे़ के ढेर लगे हैं। इनसे उठने वाली दुर्गंध से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे में शहर में संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। दुकानदारों के साथ राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड रहा है।
सड़क से गुजरने पर सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही हैं। कूड़े के ढेर पर पशु मुंह मार रहे हैं वहीं दूसरी ओर मक्खियों की भी यहां जमकर दावत चल रही है। ओलंदगंज, कोतवाली, मछलीशहर पडाव, पालिटेक्निक चौराहा से लेकर रुहट्टा और अन्य कालोनियों में भी गंदगी का अंबार लगा हुआ हैं। ऐसा नहीं की कर्मचारी काम पर नहीं निकलते, कर्मचारी अपने क्षेत्र में जाते जरूर हैं लेकिन बिना काम किए ही लौट आते हैं। कॉलोनियों की हालत तो यह है कि लोग घर की छत से कूड़ा सड़क पर फेंक रहे हैं। कचरा रखने के लिए कूडे़दान रखा गया है, लेकिन उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। जिससे आने जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड रहा है। बारिश की वजह से कूड़ा बह कर नालियों में जा रहा है और नालियां जाम होकर सड़कों पर बह रही है। जिसके आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस संबंध में ईओ संतोष कुमार का कहना है कि कूड़े का उठान रोजाना होता है। यदि ऐसी शिकायतें आ रहीं है तो चेक कराया जाएगा।